Greater Noida: यमुना प्राधिकरण में किसानों की बैठक, प्लॉट आवंटन और मुआवजे का आश्वासन

Greater Noida: यमुना प्राधिकरण में किसानों की बैठक, प्लॉट आवंटन और मुआवजे का आश्वासन
भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक मंच) के बैनर तले मंगलवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के कार्यालय में किसानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के सैकड़ों किसान शामिल हुए, जो जगनपुर-दनकौर इंटरचेंज परियोजना से प्रभावित हैं।
जिलाध्यक्ष पंकज शर्मा हतेवा के नेतृत्व में हुई इस बैठक में किसानों ने प्लॉट आवंटन, मुआवजा और अन्य लंबित समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। किसानों ने मांग की कि लंबे समय से लंबित मामलों का जल्द समाधान किया जाए।
बैठक में प्राधिकरण की ओर से शैलेंद्र कुमार सिंह, सीनियर मैनेजर राजेंद्र भाटी, तहसीलदार सदर अजय सिंह, वीपी सिंह और बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
ओएसडी शैलेंद्र कुमार सिंह ने किसानों को जानकारी दी कि इंटरचेंज परियोजना से प्रभावित कुल 135 किसानों में से 75 किसानों को आवासीय प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि शेष 65 किसानों को भी एक सप्ताह के भीतर प्लॉट आवंटित कर दिए जाएंगे। जिन किसानों की औपचारिकताएं अभी पूरी नहीं हुई हैं, उन्हें संबंधित अधिकारियों द्वारा सूचित किया जा चुका है।
इसके अलावा अधिकारियों ने बताया कि किसानों को मिलने वाले 64.7 प्रतिशत मुआवजे की शेष राशि भी अगले 15 दिनों के भीतर उनके बैंक खातों में भेज दी जाएगी।
सीनियर मैनेजर राजेंद्र भाटी ने बताया कि प्रस्तावित आवासीय भूखंडों के विकास का कार्य मंगलवार से शुरू कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन गांवों में प्राधिकरण की ओर से विकास कार्य चल रहे हैं, उन्हें भी जल्द पूरा कराया जाएगा।
बैठक के दौरान संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता दिनेश शर्मा ने अधिकारियों से किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। वहीं राष्ट्रीय संगठन मंत्री बॉबी नागर ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर तहसील से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो तहसील परिसर में बड़ी पंचायत आयोजित की जाएगी।
बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। इस दौरान धीरज प्रमुख, जगत सिंह, डॉ. ओम प्रकाश, गजराज सिंह, देवेंद्र शर्मा, मोहन शर्मा, वेदपाल शर्मा, रामकुमार शर्मा, राजकुमार नागर, कपिल नागर एडवोकेट, राहुल नागर, विनोद ठाकुर, दुर्गा नागर, सतीश नागर समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ



