उत्तर प्रदेश : हापुड़ में होली पर दो पक्षों में हिंसक झड़प, पथराव का वीडियो वायरल

Hapur News : हापुड़ में थाना सिंभावली क्षेत्र के नयागांव में होली के दिन दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि होली के मौके पर दो पक्ष के लोगों के बीच मारपीट हो गई। इसी दौरान सामान लेने जा रहे 12 वर्षीय बच्चे के साथ गाली-गलौज की गई, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
मिली जानकारी के अनुसार गाली-गलौज के बाद शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि एक पक्ष के दबंगों ने पथराव भी किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि पथराव करने वाले करीब चार आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और दबिश दी जा रही है। वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले का संज्ञान लिया गया है घटना में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





