Greater Noida: वीवो कंपनी के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग तेज

Greater Noida: वीवो कंपनी के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग तेज
उत्तर प्रदेश के Greater Noida के रामपुर खादर गांव में रविवार को किसान एकता संघ की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं और स्थानीय युवाओं को रोजगार न मिलने के मुद्दे पर तीखी चर्चा हुई। बैठक हरिसिंह प्रधान के आवास पर संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता राजवीर सिंह ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष पप्पे नागर ने किया।
बैठक में संगठन के पदाधिकारियों और सैकड़ों ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पंडित प्रमोद शर्मा ने आरोप लगाया कि प्राधिकरण क्षेत्र के कई गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में सफाई व्यवस्था बदहाल है, स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
पंडित प्रमोद शर्मा ने विशेष रूप से Vivo कंपनी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कंपनी स्थानीय युवाओं को ‘लोकल’ बताकर रोजगार देने से इनकार कर रही है। उनका कहना था कि क्षेत्र के शिक्षित और योग्य युवाओं को दरकिनार कर बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे गांवों में भारी असंतोष है।
बैठक में वक्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार नहीं दिया गया तो संगठन बड़ा आंदोलन छेड़ने को मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि उद्योगों की स्थापना के समय स्थानीय लोगों को रोजगार देने का आश्वासन दिया गया था, जिसे अब नजरअंदाज किया जा रहा है।
इस दौरान संगठन का विस्तार भी किया गया। सर्वसम्मति से मोहित भाटी को जिला सचिव नियुक्त किया गया। पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
बैठक में राष्ट्रीय चौधरी सोरन प्रधान, कृष्ण बैसला, पंडित प्रमोद शर्मा, पप्पे नागर, विक्रम नागर, उम्मेद एडवोकेट, शिवम शर्मा, महेंद्र कसाना, जोरा भाटी, जेपी नागर, आसिफ उस्मानपुर, राकेश सैनी, दीपु सैनी, गंगाराम, अनिल नागर, फैजान अली, गुलहसन समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।



