उत्तर प्रदेश : हापुड़ में ‘छेड़छाड़’ की कहानी निकली झूठी, पुलिस जांच में हुआ खुलासा

Hapur News : हापुड़ जिले के बहादुरगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार रात एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इस वीडियो में परीक्षा देकर लौट रही छात्राओं के पीछे बाइक सवार कुछ छात्र चलते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद छात्राओं ने अपने ही सहपाठियों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और जांच शुरू की। शुरुआती पड़ताल में सामने आया कि छेड़छाड़ का आरोप झूठा था। जांच के दौरान पता चला कि वीडियो में दिख रहा गढ़ कोतवाली क्षेत्र का एक छात्र मिमिक्री आर्टिस्ट है, जो सोशल मीडिया पर अपनी कला का प्रदर्शन करता है।
पुलिस ने छात्राओं से भी पूछताछ की। छात्राओं ने पुष्टि की कि यह वीडियो सोशल मीडिया रील बनाने के उद्देश्य से पूर्व नियोजित तरीके से तैयार किया गया था। यह किसी छेड़छाड़ का मामला नहीं था।
इस संबंध में सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि छात्रों ने सोशल मीडिया पर रील बनाने के मकसद से यह वीडियो पहले से योजना बनाकर शूट किया था। उन्होंने यह भी बताया कि सभी छात्र-छात्राएं नाबालिग हैं। पुलिस ने उन्हें भविष्य में ऐसी हरकत न करने की कड़ी चेतावनी दी और उनके परिजनों को सौंप दिया।





