उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

उत्तर प्रदेश : पूर्व राज्यमंत्री पर हमले का मामला, हापुड़ पुलिस ने मुख्य आरोपी पर ₹20000 का इनाम किया घोषित

Hapur News : गढ़मुक्तेश्वर के हिरणपुरा गांव में पूर्व राज्यमंत्री और भाजपा नेता मदन चौहान पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सूर्या पर इनाम घोषित कर दिया है। हालांकि पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 32 बोर की पिस्टल भी बरामद कर चुकी है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि पूर्व राज्यमंत्री मदन चौहान 9 फरवरी की रात करीब 9 बजे अपनी इनोवा कार से हिरणपुरा गांव में एक परिचित के सगाई समारोह में जा रहे थे। मेरठ रोड हाईवे से उतरकर गांव में प्रवेश करते ही रास्ते में कुछ कार सवार युवक खड़े मिले।

पूर्व मंत्री के अनुसार, जैसे ही उनकी कार पास पहुंची, एक युवक सड़क पर आकर खड़ा हो गया और चालक को कार रोकनी पड़ी। तभी आरोपी ने पिस्टल निकालकर फायरिंग का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चली। कार में मौजूद सुरक्षाकर्मियों के बाहर आने पर हमलावर मौके से फरार हो गए।

एडिशनल एसपी विनीत भटनागर ने बताया कि मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिवम और शुभम नामक दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया था। जिसमें गिरफ्तार शिवम से एक 32 बोर की पिस्टल बरामद हुई थी।

इस मामले में फॉर्च्यूनर कार मालिक राम किशोर का भांजा सूर्या सिंह अभी फरार है जिसपर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने अपील की है कि जिस किसी भी व्यक्ति को यह आरोपी नजर आए तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम व पता गोपनीय रखा जाएगा।

Related Articles

Back to top button