उत्तर प्रदेश : पूर्व मंत्री पर हमला, फायरिंग की कोशिश की, पुलिस जांच में जुटी

Hapur News : जनपद हापुड़ में गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव हिरणपुरा में एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे पूर्व राज्यमंत्री व भाजपा नेता मदन चौहान पर कुछ कार सवार लोगों ने हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि हमलावरों ने उन पर पिस्टल तान दी और फायरिंग करने की कोशिश की। साथ में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए।
मदन चौहान ने बताया कि सोमवार को वे अपनी इनोवा कार से गांव हिरणपुरा में एक परिचित के यहां सगाई समारोह में जा रहे थे। एक्सप्रेसवे से उतरने के बाद जैसे ही वे गांव में प्रवेश करने लगे, रास्ते में कुछ कार सवार युवक खड़े थे। उन्होंने आरोप लगाया कि युवकों के हाथ में हथियार थे।
पूर्व मंत्री के अनुसार, जैसे ही उनकी कार नजदीक पहुंची, आरोपियों ने पिस्टर निकाल ली। इस दौरान एक युवक ने फायरिंग करने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चल पाई। कार में मौजूद सुरक्षाकर्मी बाहर निकले तो आरोपी वहां से भाग गए।
मदन चौहान ने अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा जताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी जांच की जा रही है।




