उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

उत्तर प्रदेश : हापुड़ में घर से सोने के जेवर चोरी होने का आरोप, पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई

Hapur News : गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा में एक विधवा महिला ने घर से सोने के जेवर चोरी होने का गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है। पीड़िता के अनुसार 21 जनवरी 2026 को उसका पुत्र नितिन और पुत्रवधु सपना खाटू श्याम के दर्शन के लिए गए थे और अलमारी की चाबी उसे सौंपकर गए थे। 23 जनवरी 2026 को दोनों वापस लौट आए। 4 फरवरी 2026 को नितिन और सपना तहसील गढ़मुक्तेश्वर में आधार कार्ड बनवाने गए थे और उस समय सपना दुकान पर मौजूद थी। 7 फरवरी को पीड़िता टीका लगवाने गई थी और उसी दिन सपना नितिन के साथ दुकान पर थी।

पीड़िता ने बताया कि 7 फरवरी को उसकी पुत्रवधु को एक शादी में जाना था, इसलिए जब अलमारी खोलकर देखी गई तो उसमें रखे सभी सोने के जेवर गायब मिले। चोरी हुए जेवरों में सोने की छह चैन, सोने की चार अंगूठियां, दो सोने के टॉप्स, दो सोने की बालियां और दो सोने के पेंडेंट शामिल हैं। पीड़िता का आरोप है कि यह चोरी सुचित्रा गर्ग और उसके पति सचिन गर्ग द्वारा की गई है। उसका कहना है कि इससे पहले भी दोनों द्वारा घर में चोरी की जा चुकी है, जिसके चलते उन्हें घर से बेदखल कर दिया गया था, लेकिन लोकलज्जा के कारण उस समय कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।

पीड़िता ने यह भी बताया कि करवा चौथ के अवसर पर सुचित्रा गर्ग के हिस्से का समस्त जेवर पहले ही दे दिया गया था और चोरी हुआ जेवर पीड़िता तथा उसकी पुत्रवधु का है। आरोप है कि सचिन गर्ग चोरी के बाद घर से फरार हो गया है, जबकि सुचित्रा गर्ग अब जान से मारने और मरवाने की धमकी दे रही है।

वहीं दूसरे पक्ष की महिला ने घर में घुसकर गाली गलौच, मारपीट और झूठा चोरी का आरोप निराधार बताकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने बताया कि वह 7 फरवरी को वह घर में अकेली थी। इसी दौरान उसकी सास मीरा, जेठ नितिन गर्ग और जेठानी सपना, जबरन घर में घुस आए और गाली गलौच करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे।

पीड़िता के अनुसार जब उसने इस व्यवहार का विरोध किया तो आरोपियों ने उल्टा उसके पति सचिन गर्ग पर चोरी का झूठा आरोप लगा दिया। उसने बताया कि उसके पति को उसके जेठ ने स्वयं फोन कर घर बुलाया था। उसके पति पंजाब में नौकरी करते हैं और 4 फरवरी को एक दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने के लिए घर आए थे। इसके बाद 6 फरवरी 2026 को वे वापस पंजाब चले गए। उनके जाने के बाद 7 फरवरी उनके खिलाफ चोरी का झूठा आरोप लगाया गया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी

Related Articles

Back to top button