उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

उत्तर प्रदेश : हापुड़ में मोबाइल चोरी के शक में युवक को बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल

Hapur News : हापुड़ के नगर क्षेत्र के दस्तोई रोड स्थित आदर्श नगर कॉलोनी के पास मोबाइल चोरी के शक में एक युवक के साथ की गई अमानवीय मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने पीड़ित को उसके घर से किसी बहाने बुलाया और फिर उसे खेतों में ले जाकर बेरहमी से पीटा।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पीड़ित युवक को जबरन ‘मुर्गा’ बनाया गया और उसकी पीठ पर ईंट रखकर लाठी-डंडों से लगातार प्रहार किए गए। मारपीट के दौरान आरोपी युवक को करंट देने की धमकी भी देते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में पीड़ित की दर्दनाक चीखें और आरोपियों की क्रूरता साफ झलक रही है, जिसने देखने वालों को भी झकझोर कर रख दिया है।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने मोबाइल चोरी के शक में खुद ही कानून हाथ में ले लिया और किसी प्रकार की पुष्टि या पुलिस में शिकायत किए बिना युवक को सरेआम सजा देने लगे। हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना को आरोपियों ने खुद ही मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया और बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित युवक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button