उत्तर प्रदेश : हापुड़ में शराब के ठेके में लगी आग, फायर टीम ने समय रहते पाया काबू

Hapur News : गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के मीरा की रेती स्थित एक कंपोजिट शराब की दुकान में आग लग गई। क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस को आग लगती दिखाई दी तो टीम ने तुरंत दमकल विभाग को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया।
अग्निशमन प्रभारी रोहताश सिंह ने बताया कि अग्निशमन केंद्र पर देर रात लगभग 01:40 बजे सूचना प्राप्त हुई कि गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के मीरा की रेती स्थित एक कंपोजिट शराब की दुकान में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट तत्काल मौके पर पहुंची और मोटर फायर इंजन की सहायता से पंपिंग कर आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। फायर कर्मियों की तत्परता से आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया।
दुकान पर मौजूद सेल्समैन उदल सिंह राणा और गौरव गोयल ने आग लगने का कारण इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट बताया। इस अग्नि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि आग की चपेट में आकर कंपोजिट शॉप के काउंटर, इन्वर्टर, बैट्री, डेली स्टॉक रजिस्टर सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। आग से संबंधित समस्त विवरण फायर रिपोर्ट में दर्ज किया जाएगा।





