Badalpur cleanliness rally: नोएडा बादलपुर गांव में मेगा स्वच्छता रैली और जागरूकता अभियान

Badalpur cleanliness rally: नोएडा बादलपुर गांव में मेगा स्वच्छता रैली और जागरूकता अभियान
Noida। बादलपुर गांव में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए शनिवार को एक विशेष स्वच्छता रैली और जागरुकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को गीले और सूखे कचरे के अलग-अलग निस्तारण के महत्व के प्रति जागरूक करना था। आयोजनकर्ताओं ने ग्रामीणों को समझाया कि यदि कचरे को घर से ही सही तरीके से अलग किया जाए और उसका निस्तारण किया जाए, तो बादलपुर को एक जीरो वेस्ट गांव के रूप में विकसित किया जा सकता है।
रैली में गांव के सभी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि स्वच्छता केवल सरकारी अधिकारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। रैली के दौरान नागरिकों को खुले में कचरा फेंकने से बचने और अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वच्छता रैली के बाद, फीडबैक फाउंडेशन की टीम ने स्वच्छता कर्मचारियों के सहयोग से पुस्तकालय के पीछे के क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया। इस अभियान में प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग की टीम, गांव के नागरिक, स्वच्छता कर्मचारी और फाउंडेशन के स्टाफ सक्रिय रूप से शामिल हुए। अभियान के दौरान, लोगों को यह बताया गया कि स्वच्छता का सीधा असर उनकी स्वास्थ्य और जीवन स्तर पर पड़ता है।
अभियान के अंत में, ग्रामीणों ने कचरे का पृथक्करण करने, अपने आवासीय क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने और बादलपुर गांव को स्वच्छ एवं जीरो वेस्ट बनाने में सहयोग देने का संकल्प लिया। इस पहल से न केवल गांव में साफ-सफाई का स्तर बढ़ेगा, बल्कि ग्रामीणों में पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक जिम्मेदारी के प्रति जागरुकता भी बढ़ेगी।
स्वच्छता रैली और जागरुकता अभियान ने ग्रामीणों के बीच पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच को और मजबूत किया और सभी ने मिलकर गांव को मॉडल स्वच्छता गांव बनाने का संकल्प लिया।





