उत्तर प्रदेश : स्टेयरिंग छोड़ कार की छत पर किया स्टंट, वीडियो वायरल होने पर 29 हजार का चालान

Hapur News : यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, इसके बावजूद कुछ लोग अपनी जान के साथ-साथ दूसरों की जान को भी खतरे में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में स्टंट करते युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है।
सीओ यातायात राहुल यादव ने बताया कि बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत बृहस्पतिवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें दो युवक चलती कार में स्टेयरिंग छोड़कर कार की छत पर खड़े होकर खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे थे। वीडियो का संज्ञान लेते हुए यातायात प्रभारी नरेश कुमार को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निर्देशों के क्रम में यातायात पुलिस ने संबंधित कार का 29 हजार रुपये का चालान काटा है। वायरल वीडियो गांव रसूलपुर के पास का बताया जा रहा है। सीओ यातायात ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाएं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस द्वारा स्टंट करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





