Noida: नोएडा में गालीबाज महिला का वीडियो वायरल, कॉमन एरिया में पालतू डॉग को शौच कराने पर मचा बवाल

Noida: नोएडा में गालीबाज महिला का वीडियो वायरल, कॉमन एरिया में पालतू डॉग को शौच कराने पर मचा बवाल
नोएडा के ग्रेटर नोएडा क्षेत्र से एक महिला का गाली-गलौज करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि महिला ने सोसाइटी के कॉमन एरिया में अपने पालतू डॉग को शौच कराया और जब वहां मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया तो वह बुरी तरह भड़क गई। महिला ने न सिर्फ लोगों से बदतमीजी की, बल्कि खुलेआम गंदी-गंदी गालियां भी देने लगी। यह पूरा मामला आम्रपाली गोल्फ होम्स एंड किंग्सवुड सोसाइटी का बताया जा रहा है, जहां मंगलवार को यह विवाद हुआ।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला एक हाथ में अपने पालतू कुत्ते को पकड़े हुए है और दूसरे हाथ में मोबाइल फोन लेकर खुद ही वीडियो रिकॉर्ड कर रही है। महिला आसपास मौजूद लोगों पर चिल्लाते हुए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करती नजर आ रही है। मौके पर मौजूद सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी बार-बार महिला को शांत कराने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं दिखती।
सोसाइटी के लोगों के अनुसार, महिला ए ब्लॉक में किराये पर अकेली रहती है। मंगलवार शाम वह अपने पालतू डॉग को लेकर बाहर निकली थी और कॉमन एरिया में उसे शौच करा रही थी। जब कुछ निवासियों ने उससे अनुरोध किया कि कुत्ते को निर्धारित स्थान पर शौच कराया जाए, तो महिला अचानक नाराज हो गई और गाली-गलौज शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी तरफ से किसी भी तरह की बदतमीजी नहीं की गई थी, केवल सोसाइटी के नियमों का पालन करने की बात कही गई थी।
वायरल वीडियो में महिला यह कहते हुए भी सुनाई दे रही है कि “मेरे कुत्ते को मारेगा”, इसके बाद वह लगातार गालियां देती रहती है। वीडियो के दौरान एक दूसरी महिला उसकी ओर बढ़ती है और उसका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश करती है, हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड दोनों के बीच स्थिति को संभालने का प्रयास करते नजर आते हैं।
इस पूरे मामले को लेकर पुलिस भी सक्रिय हो गई है। डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि बिसरख थाना क्षेत्र के आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोगों के बीच पालतू जानवरों को लेकर नियमों और जिम्मेदारियों पर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। निवासियों का कहना है कि पालतू जानवर रखना गलत नहीं है, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर शिष्टाचार और नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।





