Noida: यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत चला जागरूकता अभियान

Noida: यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत चला जागरूकता अभियान
नोएडा। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत मंगलवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य कोहरे और ठंड के मौसम में सड़क हादसों को रोकना और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति सजग करना रहा। एक्सप्रेसवे प्रबंधन की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के बारे में जानकारी दी और सावधानी बरतने की अपील की।
अभियान के दौरान बड़े वाहनों और ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए, ताकि कोहरे के समय पीछे से आने वाले वाहन उन्हें आसानी से देख सकें और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो। इसके साथ ही कोहरे में सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार पेट्रोलिंग कराई गई और लाउडस्पीकर के जरिए अनाउंसमेंट कर वाहन चालकों को सतर्क किया गया।
एक्सप्रेसवे के किनारे खड़े वाहनों को हटाकर यातायात को सुचारु किया गया, ताकि अचानक ब्रेक लगाने या टकराव जैसी घटनाओं से बचा जा सके। सहायक प्रबंधक जेके शर्मा ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और सुरक्षा मानकों को और मजबूत किया जा रहा है।
रात के समय व्यावसायिक वाहनों के चालकों को नींद से बचाने और सतर्क रखने के लिए फ्री में चाय की व्यवस्था की गई है, ताकि लंबी दूरी तय करने वाले चालक थकान महसूस न करें। इसके अलावा फायर ऑफिसर द्वारा टोल प्लाजा कर्मचारियों और जनसुविधा केंद्रों पर कार्यरत कर्मचारियों को आग से बचाव और आपात स्थिति में सुरक्षा उपायों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
प्रबंधन का कहना है कि इस तरह के जागरूकता अभियानों से न सिर्फ वाहन चालकों में सुरक्षा के प्रति समझ बढ़ेगी, बल्कि एक्सप्रेसवे पर होने वाले हादसों में भी कमी आएगी।





