उत्तर प्रदेश : वृंदावन में दबंगों का तांडव, सेवादारों को बंधक बनाकर पीटा

Mathura News : वृंदावन के सुनरख मार्ग स्थित एक गेस्ट हाउस में दबंगों ने तीन सेवादारों को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। दबंगों ने इस क्रूरता का वीडियो सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिया। घटना के बाद से एक सेवादार लापता है।
मामूली कहासुनी के बाद दबंगों ने सेवादार कृष्णा पांडे, भरत पाल और आकाश राघव को बंधक बना लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने मारपीट का वीडियो ‘GopalThakur186’ नामक इंस्टाग्राम अकाउंट से सार्वजनिक कर दिया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पीड़ित भरत पाल ने बताया कि आकाश राघव लापता है और उसका कोई सुराग नहीं लग सका है, जिससे परिजनों और साथियों में अनहोनी की आशंका बनी हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है और दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। लापता युवक की तलाश जारी है।
सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





