राज्यउत्तर प्रदेश

Gautam Buddha University: गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में कथित धांधली के खिलाफ समाजवादी छात्र सभा का आंदोलन का ऐलान

Gautam Buddha University: गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में कथित धांधली के खिलाफ समाजवादी छात्र सभा का आंदोलन का ऐलान

नोएडा में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय से जुड़े कथित घोटालों और अनियमितताओं को लेकर समाजवादी छात्र सभा ने बड़ा आंदोलन करने की तैयारी कर ली है। सोमवार को समाजवादी छात्र सभा ने ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में एक प्रेस वार्ता कर विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। छात्र सभा के जिलाध्यक्ष मोहित नागर ने विश्वविद्यालय के कुलपति और रजिस्ट्रार पर सीधे तौर पर भ्रष्टाचार, नियमों की अनदेखी और छात्रों के साथ अन्याय करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में लंबे समय से फर्जीवाड़ा चल रहा है और प्रशासनिक स्तर पर नियमों को ताक पर रखकर नियुक्तियां की गई हैं।
मोहित नागर ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में ऐसे लोगों को उच्च पदों पर बैठा दिया गया, जिन्हें पढ़ाने या शैक्षणिक प्रशासन का कोई अनुभव नहीं था। उन्होंने कहा कि यह न केवल छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, बल्कि विश्वविद्यालय की साख को भी नुकसान पहुंचा रहा है। छात्र सभा के अनुसार, विश्वविद्यालय में छात्रों की फीस से जुड़े मामलों में भी बड़े स्तर पर गड़बड़ी की गई है। कई छात्रों से फीस लेने के बावजूद उन्हें परीक्षा में बैठने नहीं दिया गया, जो बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों से छात्रों की फीस की पूरी रिकवरी कराई जाए।
प्रेस वार्ता में यह भी आरोप लगाया गया कि विश्वविद्यालय में बिना आवश्यक मानकों और योग्यताओं को पूरा किए ही रजिस्ट्रार की नियुक्ति कर दी गई। इसके साथ ही कुलपति पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने नियमों को दरकिनार कर अपने रिश्तेदारों और नजदीकी लोगों को विश्वविद्यालय में नौकरी दी। समाजवादी छात्र सभा ने यह भी कहा कि एक छात्र को ही विश्वविद्यालय में अहम प्रशासनिक पद पर बैठाया गया, जो शैक्षणिक व्यवस्था के खिलाफ है।
मोहित नागर ने सवाल उठाया कि विश्वविद्यालय की बैलेंस शीट कई वर्षों बाद भी सार्वजनिक क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि इससे साफ जाहिर होता है कि प्रशासन कुछ न कुछ छिपाने की कोशिश कर रहा है। छात्र सभा ने मांग की कि विश्वविद्यालय के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए।
समाजवादी छात्र सभा ने चेतावनी दी कि यदि 5 जनवरी तक इन सभी मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन विश्वविद्यालय के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल संगठन की नहीं, बल्कि हजारों छात्रों के अधिकारों और भविष्य से जुड़ी हुई है। प्रेस वार्ता के दौरान प्रशांत भाटी, कृष्ण रावल, अंकित नागर, प्रिंस भाटी, प्रशांत वर्मा सहित कई छात्र नेता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button