राज्यउत्तर प्रदेश

New Year 2026 Noida: नए साल 2026 के स्वागत को तैयार नोएडा–ग्रेटर नोएडा, बाजारों और मॉल्स में जश्न का माहौल

New Year 2026 Noida: नए साल 2026 के स्वागत को तैयार नोएडा–ग्रेटर नोएडा, बाजारों और मॉल्स में जश्न का माहौल

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में नववर्ष 2026 के स्वागत को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जैसे-जैसे साल का आखिरी दिन नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे बाजारों, मॉल्स, होटलों, पब्स और रिहायशी सोसाइटियों में रौनक बढ़ती जा रही है। शहर के प्रमुख बाजारों और शॉपिंग सेंटरों में रंग-बिरंगी लाइटों, सजावटी सामानों और नए साल से जुड़े उत्पादों की बिक्री तेज हो गई है, जिससे पूरा इलाका उत्सव के रंग में रंगा नजर आ रहा है।

बाजारों में उपहारों की खरीदारी जोरों पर है। लोग नए साल पर अपनों को देने के लिए गिफ्ट आइटम, शो-पीस, कैलेंडर, डायरी, कस्टमाइज्ड मग, पेन और ग्रीटिंग कार्ड्स खरीद रहे हैं। डिजिटल दौर के बावजूद व्यक्तिगत संदेशों वाले ग्रीटिंग कार्ड्स और कस्टमाइज्ड गिफ्ट्स की मांग बनी हुई है। फूलों की दुकानों पर भी खास रौनक है, जहां गुलाब, लिली और ऑर्किड जैसे फूलों की एडवांस बुकिंग की जा रही है, खासकर 31 दिसंबर और 1 जनवरी के लिए।

होटल, रेस्टोरेंट और क्लब भी नए साल के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं। जगह-जगह विशेष सजावट की जा रही है, सेल्फी प्वाइंट बनाए जा रहे हैं और 31 दिसंबर की रात के लिए थीम पार्टियों, लाइव म्यूजिक, डीजे नाइट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कई होटलों और रेस्टोरेंट्स में एडवांस बुकिंग फुल होने की स्थिति बन रही है। इसके साथ ही गिफ्ट वाउचर और छूट वाले लाल लिफाफों का चलन भी देखने को मिल रहा है, जिससे ग्राहक आकर्षित हो रहे हैं।

रिहायशी सोसाइटियों में भी नए साल के जश्न की तैयारियां जोरों पर हैं। कई सोसाइटियों में सामूहिक कार्यक्रम, डांस पार्टी, फिल्म नाइट और पारिवारिक आयोजन की योजनाएं बनाई जा रही हैं। वहीं कुछ लोग घर पर ही सादगी से नए साल का स्वागत करने की तैयारी कर रहे हैं। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, जो सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए एक-दूसरे को शुभकामनाएं भेज रहे हैं और नए साल के संकल्पों पर चर्चा कर रहे हैं।

नए साल को लेकर लोगों में भविष्य की योजनाओं और निवेश को लेकर भी सकारात्मक माहौल है। कई लोग नए संकल्पों के साथ आर्थिक योजनाएं बना रहे हैं, जिससे व्यापार और बाजार गतिविधियों में तेजी आई है। कुल मिलाकर, नोएडा–ग्रेटर नोएडा नए साल 2026 के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है और हर क्षेत्र में उत्साह, रोशनी और उल्लास का माहौल बना हुआ है।

31 दिसंबर की रात के विशेष जश्न के लिए शहर के प्रमुख मॉल्स में भी खास इंतजाम किए गए हैं। इनमें डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया, द ग्रेट इंडिया पैलेस, गार्डन गैलेरिया, भूटानी मॉल, स्पाइस वर्ल्ड मॉल, वेव मॉल, शॉपप्रिक्स मॉल, ओमेक्स कनॉट प्लेस, ग्रैंड वेनिस मॉल, स्पेक्ट्रम मेट्रो मॉल और एमएसएक्स मॉल शामिल हैं, जहां सुरक्षा के साथ-साथ मनोरंजन और खरीदारी की विशेष व्यवस्था की जा रही है।

Related Articles

Back to top button