Noida Accident: नोएडा में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से ई-रिक्शा सवार महिला समेत दो की मौत, चालक गिरफ्तार

Noida Accident: नोएडा में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से ई-रिक्शा सवार महिला समेत दो की मौत, चालक गिरफ्तार
नोएडा। सोमवार दोपहर नोएडा सेक्टर-49 रेड लाइट के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय मोहम्मद अनीस (कुलेसरा निवासी) और 35 वर्षीय राजेंद्री (दिल्ली निवासी) के रूप में हुई है। जबकि राजेंद्री के पति राजू गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर लगते ही ई-रिक्शा के पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और अनीस व राजेंद्री डंपर के पहियों के नीचे आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सेक्टर-49 पुलिस टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
एडीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि डंपर नोएडा प्राधिकरण से संबद्ध है और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है। हादसे के बाद चालक वाहन वहीं छोड़कर भाग गया था, लेकिन पुलिस टीम ने उसे ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस कुछ देर पहले राजेंद्री और उनके पति राजू एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कुछ वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिनमें महिला को डंपर के पहिए के नीचे फंसा हुआ देखा जा सकता है। पुलिस ने अपील की है कि ऐसी संवेदनशील सामग्री को प्रसारित न किया जाए। फिलहाल घटना की जांच जारी है और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।





