उत्तर प्रदेश : ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर मैनेजमेन्ट कमेटी की सप्तम बैठक संपन्न, लाइव स्ट्रीमिंग, रेलिंग और वित्तीय प्रबंधन पर चर्चा

Mathura News : मथुरा में वृन्दावन के प्रसिद्ध ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर की हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी की सातवीं महत्वपूर्ण बैठक आज लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन, वृन्दावन के सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त), इलाहाबाद उच्च न्यायालय अशोक कुमार ने की। बैठक का मुख्य फोकस मंदिर के बुनियादी ढांचे में सुधार, वित्तीय प्रबंधन को मजबूत करने और श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने पर रहा।
बैठक के प्रमुख एजेंडे और प्रगति रिपोर्ट में सुरक्षा और इन्फ्रास्ट्रक्चर, वित्तीय और प्रशासनिक मामले, और श्रद्धालु सुविधा एवं नियुक्तियाँ शामिल थीं। मंदिर परिसर के अंदर रेलिंग लगाने, तहखाना खुलवाने, और अवसंरचनात्मक दृढ़ता की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई। वित्तीय प्रबंधन में मंदिर के जमा खातों की धनराशि को एमओडी के अंतर्गत जमा करने और निजी बैंकों से सार्वजनिक क्षेत्र की बैंकों में धनराशि स्थानांतरित करने पर चर्चा हुई।
श्रद्धालु सुविधा के लिए ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के सजीव दर्शन प्रसारण (लाइव स्ट्रीमिंग) हेतु प्राप्त आवेदनों पर विस्तृत चर्चा की गई, जिससे दूर बैठे भक्त भी दर्शन का लाभ उठा सकें। बैठक में अध्यक्ष सहित, जिला एवं सत्र न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) मुकेश मिश्रा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश मथुरा विकास कुमार, जिला मजिस्ट्रेट चन्द्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त श्री जग प्रवेश, उपाध्यक्ष मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण श्याम बहादुर सिंह, तथा गोस्वामी राजभोग एवं शयनभोग समूह के सदस्य उपस्थित रहे।





