सुदर्शन न्यूज के सीईओ के नए सरकारी आवास पर 12 दिवसीय गणपति पूजा, नेताओं और सांसदों का पहुंचना जारी

केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने किए गणपति बप्पा के दर्शन; प्रतिदिन दोपहर 12 बजे और शाम 6 बजे हो रही आरती.

साउथ एवेन्यू स्थित नए आवास में 14 सितंबर से चल रहा गणेश उत्सव, 25 सितंबर को नोएडा तक निकलेगी विसर्जन यात्रा

अभिषेक ब्याहुत

नई दिल्ली। सुदर्शन न्यूज चैनल के सीईओ एवं एडिटर-इन-चीफ सुरेश चव्हाणके ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर नई दिल्ली स्थित अपने नए आवंटित सरकारी आवास 173, साउथ एवेन्यू में 12 दिवसीय गणेश उत्सव का आयोजन किया है। 14 सितंबर से शुरू हुआ यह धार्मिक आयोजन विधि-विधान के साथ चल रहा है। नए सरकारी आवास के आवंटन के बाद पहली बार यहां गणपति की विशेष पूजा एवं विद्वत् अनुष्ठान का आयोजन किया गया है।

रविवार को मूल रूप से महाराष्ट्र निवासी टॉप स्टोरी मीडिया समूह के सीईओ एवं एडिटर-इन-चीफ प्रवीण आत्रे और उनकी धर्मपत्नी तथा मीडिया समूह की निदेशक श्रद्धा आत्रे ने साउथ एवेन्यू स्थित आवास पहुंचकर गणपति बप्पा के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर सुदर्शन न्यूज चैनल के सीईओ एवं एडिटर-इन-चीफ सुरेश चव्हाणके ने प्रवीण आत्रे और उनकी पत्नी श्रद्धा आत्रे को शुभ-लाभ का चिन्ह सप्रेम भेंट कर सम्मानित किया।

बुधवार को पूजा का दसवां दिन रहा। आयोजन के दौरान प्रतिदिन दोपहर 12 बजे और शाम 6 बजे आरती की जा रही है। गणपति के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई प्रमुख लोगों के पहुंचने का सिलसिला भी जारी है। इस दौरान सांसदों, राष्ट्रीय महासचिवों और केंद्रीय मंत्रियों समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने गणपति बप्पा के दर्शन किए और आरती में हिस्सा लिया।

पिछले कुछ दिनों में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े, केंद्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद नाईक, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, भाजपा सांसद मनोज तिवारी, सुधांशु त्रिवेदी, कमलजीत सहरावत, वरिष्ठ भाजपा नेता अरविंद मैनन, आरएसएस राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रचारक डॉ. इंद्रेश कुमार, बी.एल. वर्मा, स्वामी दीपांकर समेत अन्य मंत्री, सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने गणपति बप्पा के दर्शन किए तथा आरती-पूजा में शामिल होकर आशीर्वाद लिया।

सुदर्शन न्यूज चैनल के सीईओ एवं एडिटर-इन-चीफ सुरेश चव्हाणके ने टॉप स्टोरी से बातचीत में बताया कि गणेश चतुर्थी के अवसर पर 12 दिवसीय गणपति बप्पा की पूजा उनके यहां पारंपरिक प्रथा रही है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष नोएडा के सेक्टर-57 स्थित कार्यालय में गणपति पूजा का आयोजन किया जाता है। नोएडा दूर होने के कारण तमाम सांसद, मंत्री और उनके करीबी लोग वहां नहीं पहुंच पाते थे। इस बार उन्होंने दो स्थानों पर गणपति की स्थापना की है।

चौहान ने कहा कि साउथ एवेन्यू लुटियन दिल्ली क्षेत्र में आता है और यहां विशेष तौर पर गणपति बप्पा की पूजा का आयोजन कम देखने को मिलता है। उनका मानना है कि इस समय हिंदुस्तान की बुद्धि को भ्रमित करने का काम लुटियन दिल्ली क्षेत्र से ज्यादा हो रहा है। उन्होंने कहा, “चूंकि गणपति बुद्धि के देवता हैं, इसलिए मैंने सोचा कि क्यों न बुद्धि के देवता गणेश जी की प्रार्थना लुटियन दिल्ली में ही की जाए, जहां इसका सबसे ज्यादा प्रभाव पड़ रहा है।” इसी विचार के तहत नोएडा स्थित अपने कार्यालय के अलावा लुटियन दिल्ली के साउथ एवेन्यू स्थित सरकारी आवास पर भी भव्य गणेश उत्सव का आयोजन किया गया है।

सुरेश चव्हाणके ने बताया कि 25 सितंबर को सुदर्शन न्यूज के 24 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी उपलक्ष्य में 25 सितंबर को गणपति विसर्जन का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। 25 सितंबर को दोपहर 12 बजे दिल्ली के साउथ एवेन्यू स्थित आवास से गणपति विसर्जन के लिए पदयात्रा शुरू होगी, जो नोएडा सेक्टर-57 स्थित सुदर्शन न्यूज के कार्यालय तक जाएगी। वहां स्थापित दूसरी गणपति प्रतिमा की आरती की जाएगी। इसके बाद दोनों प्रतिमाओं का एक साथ यमुना नदी में विसर्जन किया जाएगा।

नए आवास में गणपति पूजा के आयोजन का उद्देश्य इस क्षेत्र के लोगों को धार्मिक परंपरा से जोड़ना भी बताया गया है। गणपति की पूजा शुभ शुरुआत तथा परिवार और समाज की सुख-शांति के लिए की जाती है। हिंदू परंपरा में गणपति को शुभारंभ, बुद्धि और विघ्नों के निवारण का प्रतीक माना जाता है।

12 दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन पूजा और आरती के साथ गणपति के दर्शन का कार्यक्रम जारी है। आयोजन के दौरान राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों की मौजूदगी भी लगातार बनी हुई है।

गौरतलब है कि साउथ एवेन्यू क्षेत्र में बड़ी संख्या में सांसदों और जनप्रतिनिधियों के सरकारी आवास हैं। ऐसे में गणपति पूजा के अवसर पर विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों का यहां पहुंचना धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सामाजिक मेल-मिलाप का अवसर भी बन रहा है।

Hot this week

Maryland : लोकतंत्र अंधविश्वास के सहारे जीवित नहीं रह सकता

Maryland : केवल समय पर चुनाव होने से कोई...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img