Jewellery Robbery: ग्रेटर नोएडा में चांदी व्यापारी से 1.38 करोड़ की लूट का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार, पूरा माल बरामद

Jewellery Robbery: ग्रेटर नोएडा में चांदी व्यापारी से 1.38 करोड़ की लूट का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार, पूरा माल बरामद

नोएडा। ग्रेटर नोएडा की थाना बीटा-2 पुलिस, एसओजी ग्रेटर नोएडा और थाना ईकोटेक-1 की संयुक्त टीम ने यमुना एक्सप्रेसवे पर चांदी व्यापारी से हुई 1.38 करोड़ रुपये की लूट का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पूरा माल और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की कार भी बरामद कर ली है।

डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि 4/5 अगस्त 2026 की रात बीटा-2 थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर चांदी व्यापारी से सोने की अंगूठियां, चांदी के बिस्कुट और अन्य कीमती सामान लूट लिया गया था। घटना के बाद बदमाश दोनों पीड़ितों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए पांच टीमें गठित कीं और करीब 2000 सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक एवं भौतिक साक्ष्यों तथा सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंकुर, अमित, रोहित, बसंत और हिमांशु को गिरफ्तार किया। एक अन्य आरोपी कमलकांत की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोपियों के पास से करीब 635 किलोग्राम चांदी के आभूषण एवं अन्य लूटा गया माल बरामद किया गया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 1.38 करोड़ रुपये आंकी गई है। वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले व्यापारियों की रेकी करते थे। उन्होंने दिल्ली के चांदनी चौक स्थित चांदी बाजार में कई दिनों तक व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखी और फिर उनका पीछा करते हुए ग्रेटर नोएडा तक पहुंचे। पुलिस के अनुसार गिरोह के चार सदस्य फाइनेंस के कारोबार से जुड़े थे और उन पर करोड़ों रुपये का कर्ज था। आर्थिक तंगी से उबरने के लिए उन्होंने कई सप्ताह तक व्यापारी की रेकी कर लूट की पूरी योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह के अन्य सदस्यों की भी जांच कर रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img