राज्यउत्तराखंडराज्य

Uttarakhand : मुख्यमंत्री ने दी ₹495 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति, विकास कार्यों और महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी को मंजूरी

Dehradun : मुख्यमंत्री ने कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के साथ ही राज्य के विभिन्न जनपदों में वाह्य एवं आन्तरिक मार्गों के निर्माण एवं पुनर्निर्माण, सौन्दर्यीकरण, शहरी स्थानीय निकायों एवं जिला पंचायतों के विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ₹495 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।

राज्य योजना के अन्तर्गत नरेन्द्र नगर विधानसभा में भारपुर पोंथ मोटर मार्ग फेज-1 पर 7.250 से 11.325 तक सड़क के पुनर्निर्माण और सुधारीकरण के लिए ₹3.08 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र सल्ट में शिव मन्दिर, भिकियासैंण के निर्माण एवं सौन्दर्यीकरण के लिए ₹53.51 लाख की स्वीकृति देते हुए प्रथम किश्त के रूप में ₹32.10 लाख जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।

जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र धारचूला में जुम्मा मल्ला ग्वार से छिपला सरोवर तक मार्ग निर्माण के लिए ₹80.35 लाख स्वीकृत करते हुए प्रथम किश्त में ₹48.21 लाख दिए जाएंगे। वहीं जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र द्वाराहाट के विकासखण्ड चौखुटिया के मांसी में रामगंगा नदी के दायें किनारे स्थित रामपादुका मंदिर पर स्नान घाट निर्माण के लिए ₹94.00 लाख के सापेक्ष अवशेष धनराशि ₹37.60 लाख का अनुमोदन किया गया है। जनपद चम्पावत के विधानसभा क्षेत्र चम्पावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना के लिए ₹60.00 लाख स्वीकृत करते हुए प्रथम किश्त में ₹36.00 लाख दिए जाएंगे।

विधानसभा क्षेत्र हरिद्वार में वार्ड-30 चौक बाजार कनखल में ट्रांसफार्मर से सतीघाट तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए ₹47.00 लाख और वार्ड नं-27 लाटोवाली कनखल में सीसी मार्ग निर्माण के लिए ₹36.00 लाख स्वीकृत किए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र लक्सर के लिए सतसंग भवन महाराजपुर से गंगदासपुर तक मार्ग के सुधारीकरण हेतु ₹3.72 करोड़ की मंजूरी दी गई है।

जनपद उधमसिंहनगर के विधानसभा क्षेत्र सितारगंज में ग्राम गोविन्दनगर में पडागांव चौराहे से गोविन्दनगर आबादी होते हुए ग्राम रजनीनगर तक मार्ग के पुनः निर्माण के लिए ₹92.39 लाख, ग्राम गऊघाट से अनकपाल प्रधान एवं पुल की ओर मार्ग के पुनः निर्माण के लिए ₹1.81 करोड़, बाजार भाग के मुख्य चौराहे से नहर पुलिया होते हुए शमशान घाट तक मार्ग एवं एन-125 के किमी-01 से पुरानी मंडी मार्ग का टाइल द्वारा पुनः निर्माण के लिए ₹98.71 लाख और ग्राम करधरिया में मेन रोड से देशराज के घर होते हुए गुरुमीत सिंह आदि के घर तक मार्ग के पुनः निर्माण के लिए ₹96.23 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

न्यायालय सिविल जज जूनियर डिवीजन डीडीहाट जनपद पिथौरागढ़ में शिशु गृह की स्थापना के लिए ₹96 हजार और 31वीं वाहिनी पीएसी रूद्रपुर में आरटीसी एवं बैरक निर्माण के लिए ₹19.91 करोड़ की स्वीकृति देते हुए प्रथम किश्त में ₹3.14 करोड़ जारी किए जाएंगे। जनपद पिथौरागढ़ के अन्तर्गत ग्राम गुंजी के सर्वांगीण विकास कार्य योजना चतुर्थ के लिए ₹4.62 करोड़ का अनुमोदन दिया गया है।

छठवें राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों की प्रत्याशा में पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के आधार पर समस्त शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2025-26 में आवंटित धनराशि के समान ही तदर्थ रूप से वित्तीय वर्ष 2026-27 की द्वितीय त्रैमासिक किश्त जुलाई से सितम्बर 2026 के लिए ₹328.28 करोड़ और समस्त जिला पंचायतों को इसी अवधि के लिए कुल ₹82.21 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।

जनपद नैनीताल के अन्तर्गत रामनगर पुरानी तहसील की खाली भूमि पर बहुमंजिला पार्किंग निर्माण के लिए ₹38.58 करोड़, जनपद चम्पावत के अन्तर्गत चम्पावत में एडवेंचर पार्क निर्माण के लिए ₹3.05 करोड़ की स्वीकृति देते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 में ₹1.22 करोड़ और संभागीय परिवहन कार्यालय भवन देहरादून के द्वितीय तल पर भवन निर्माण परियोजना के लिए ₹5.38 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। कुम्भ मेला 2027 में विश्वसनीय एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रस्तावित कार्यों के क्रियान्वयन हेतु ₹43.87 करोड़ स्वीकृत करते हुए प्रथम किश्त में ₹17.55 करोड़ जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।

इसके साथ ही राज्य सरकार और राज्य स्वायत्त निकायों एवं उपक्रमों के उन कर्मचारियों को जो पांचवें एवं छठवें केन्द्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार वेतन बैंड और ग्रेड वेतन में वेतन एवं भत्ते प्राप्त कर रहे हैं, उन्हें देय महंगाई भत्ते की मौजूदा दर में वृद्धि को 01 जनवरी 2026 से मंजूरी दी गई है। पांचवें वेतनमान को 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 483 प्रतिशत और छठवें वेतनमान को 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत प्रतिमाह किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र रानीखेत में बिडोरा छेवी पातशाही गेट से धूमखेड़ा मार्ग का नाम साहिबजादे फतह सिंह रोड और सौनी डौडाखाल तिपोला मोटर मार्ग का नाम राज्य आन्दोलनकारी स्व. पूरण सिंह डंगवाल के नाम पर किए जाने का भी अनुमोदन प्रदान किया है।

Related Articles

Back to top button