Rapido Rider Misconduct: नोएडा में महिला को राइडर ने भेजा ‘I Love You’ मैसेज, पुलिस शिकायत की चेतावनी पर बोला- जाओ कर दो; कंपनी ने मांगी माफी
नोएडा। नोएडा में रैपिडो के एक डिलीवरी राइडर द्वारा महिला ग्राहक को निजी और कथित रूप से आपत्तिजनक मैसेज भेजने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि पार्सल डिलीवरी बुक करने के बाद राइडर ने पहले उनसे व्यक्तिगत बातचीत शुरू करने की कोशिश की और फिर ‘I Love You’ लिखकर भेज दिया। महिला ने पुलिस और कंपनी से शिकायत करने की चेतावनी दी तो राइडर ने कथित तौर पर जवाब दिया कि वह शिकायत कर सकती हैं। महिला ने बातचीत के स्क्रीनशॉट लिंक्डइन पर साझा किए, जिसके बाद रैपिडो ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए माफी मांगी।
नोएडा निवासी डिजिटल कम्युनिकेशन एक्सपर्ट और पूर्व बिजनेस पत्रकार गीतिका श्रीवास्तव ने रविवार को रैपिडो के माध्यम से पार्सल डिलीवरी बुक की थी। उनका आरोप है कि इसी बुकिंग के बाद संबंधित राइडर ने उनके निजी नंबर पर मैसेज भेजने शुरू कर दिए।
गीतिका द्वारा साझा किए गए स्क्रीनशॉट के मुताबिक राइडर ने पहले ‘हैलो, कैसी हो आप?’ लिखकर बातचीत शुरू की। इसके कुछ समय बाद उसने सीधे ‘I Love You’ का मैसेज भेज दिया। अचानक इस तरह के व्यक्तिगत मैसेज मिलने पर गीतिका ने नाराजगी जताई और राइडर को दोबारा संपर्क नहीं करने की चेतावनी दी।
गीतिका ने राइडर से कहा कि अगर उसने दोबारा कॉल या मैसेज किया तो वह पुलिस में शिकायत करेंगी। आरोप है कि इस चेतावनी का भी राइडर पर कोई असर नहीं हुआ। उसने जवाब में कहा कि वह पुलिस में शिकायत कर सकती हैं और रैपिडो में भी उसकी शिकायत कर सकती हैं।
इस बातचीत के बाद गीतिका ने पूरे मामले को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर सार्वजनिक किया। उन्होंने राइडर के साथ हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट साझा करते हुए रैपिडो के को-फाउंडर अरविंद सांका को भी टैग किया और कंपनी से इस मामले में जवाब मांगा।
अपनी पोस्ट में गीतिका ने महिलाओं की सुरक्षा और ग्राहकों के निजी संपर्क विवरण के इस्तेमाल को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने सवाल उठाया कि केवल पार्सल डिलीवरी जैसी सेवा बुक करने के बाद किसी महिला ग्राहक को इस तरह के निजी मैसेज का सामना क्यों करना पड़े।
गीतिका ने राइडर के उस कथित जवाब पर भी सवाल उठाया, जिसमें पुलिस और कंपनी से शिकायत की चेतावनी के बावजूद उसने बेफिक्र होकर शिकायत करने के लिए कह दिया। उन्होंने पूछा कि आखिर शिकायत और कार्रवाई को लेकर राइडर इतना निश्चिंत क्यों था और क्या ऐसे व्यवहार के मामलों में संबंधित डिलीवरी पार्टनर के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने रैपिडो की राइडर भर्ती और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। गीतिका ने जानना चाहा कि कंपनी अपने डिलीवरी पार्टनर्स का चयन किस प्रक्रिया के तहत करती है और ग्राहकों के साथ अनुचित व्यवहार करने वाले राइडर्स के खिलाफ क्या व्यवस्था है।
सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद रैपिडो ने गीतिका की लिंक्डइन पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी। कंपनी ने घटना को लेकर माफी मांगी और कहा कि वह डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के व्यवहार को लेकर उनकी चिंता को समझती है तथा ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाता है।
कंपनी ने अपने जवाब में कहा कि ग्राहकों की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा उसकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। रैपिडो की प्रतिक्रिया के बाद अब इस मामले में संबंधित राइडर के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर रहेगी।
घटना ने ऐप आधारित राइड और डिलीवरी सेवाओं में ग्राहकों, विशेषकर महिला उपयोगकर्ताओं की निजी जानकारी और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े किए हैं। मामले में महिला की ओर से सोशल मीडिया पर आरोप और स्क्रीनशॉट साझा किए गए हैं, जबकि कंपनी ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए उनकी चिंता को गंभीर बताया है।


