Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के गांवों को जोड़ने वाली सड़कों पर लगेंगी एलईडी स्ट्रीट लाइटें
नोएडा। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के गांवों को जोड़ने वाली लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सड़कों पर जल्द ही अंधेरे की समस्या दूर होगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इन मार्गों पर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना शुरू कर दी है। इसके लिए संबंधित सड़कों को चिह्नित कर निविदा भी जारी कर दी गई है। इस पहल से रात के समय वाहन चालकों और राहगीरों की आवाजाही अधिक सुरक्षित हो सकेगी।
प्राधिकरण के अनुसार लंबे समय से इन मार्गों पर पर्याप्त रोशनी न होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी और ग्रामीणों को रात में आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसी को देखते हुए गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली पीडब्ल्यूडी सड़कों पर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने का निर्णय लिया गया है।
विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण में दनकौर-बिलासपुर मार्ग से हतेवा, पौवारी मार्ग से दादूपुर और सलेमपुर से बिलासपुर को जोड़ने वाली सड़कों पर एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इस परियोजना पर लगभग 1.19 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्राधिकरण का लक्ष्य चरणबद्ध तरीके से उन सभी ग्रामीण संपर्क मार्गों पर स्ट्रीट लाइट लगाना है, जहां वर्तमान में अंधेरा रहता है।


