Hapur News : हापुड़ के धौलाना इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार सुबह भीषण अग्निकांड हो गया। एक केमिकल रीसाइक्लिंग फैक्ट्री में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते आसपास की तीन अन्य फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के बाद लगातार हो रहे धमाकों और आसमान में उठ रहे काले धुएं से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि यह आग त्रिवेणी मेडिकेम नाम की फैक्ट्री में सुबह करीब 11 बजे लगी। फैक्ट्री के अंदर भारी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल रखा हुआ था, जिस वजह से आग तेजी से फैली और बेकाबू हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास की अन्य फैक्ट्रियों तक पहुंच गईं। अचानक लगी आग से फैक्ट्रियों में काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई और सभी बाहर की ओर भागे।
आग के दौरान फैक्ट्री के अंदर से जोरदार धमाकों की आवाजें आती रहीं, जिससे आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही धौलाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेरकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की अपील की।
दमकल विभाग की आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई हैं। केमिकल होने की वजह से आग बार-बार भड़क रही है, जिससे आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। दमकलकर्मी फोम और पानी की मदद से आग को फैलने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं।
कई किलोमीटर दूर से ही फैक्ट्री से उठता काला धुआं दिखाई दे रहा है। जहरीली गैस के खतरे को देखते हुए आसपास की फैक्ट्रियों को खाली करा लिया गया है और पूरे इंडस्ट्रियल एरिया में अलर्ट जारी किया गया है। गनीमत रही कि इस हादसे में अभी तक किसी के घायल होने या अंदर फंसे होने की सूचना नहीं है। आग बुझने के बाद ही नुकसान का सही पता चल सकेगा। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच करेगा और यह भी देखा जाएगा कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।


