Hapur News : हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस को अवैध पटाखों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन कुंतल से अधिक अवैध पटाखों से लदी एक पिकअप को जब्त किया है और चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पटाखों की यह खेप बिजनौर से भरकर हापुड़ के रास्ते गाजियाबाद के भोजपुर ले जा रहा था।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजकर पंद्रह मिनट पर जदीद चौकी प्रभारी रमेशचंद्र गौतम अपनी टीम के साथ बुलंदशहर रोड पर पुरानी चुंगी के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिजनौर की ओर से अवैध पटाखों से भरी एक पिकअप हापुड़ बाईपास होते हुए शहर की तरफ आ रही है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बुलंदशहर रोड पर चितौली कट के पास नाकाबंदी कर पिकअप को रोक लिया। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें अलग अलग ब्रांड के करीब तीन कुंतल पटाखे भरे मिले, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम मोमीन बताया जो बुलंदशहर रोड स्थित त्रिलोकीपुरम मोहल्ले की मदनी मस्जिद वाली गली का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के पटाखों की सप्लाई करने जा रहा था।
इस संबंध में चौकी प्रभारी रमेशचंद्र गौतम की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


