Drunk Youth Ruckus: ग्रेनो वेस्ट की सोसाइटी में नशे में युवकों का उत्पात, बच्चे की साइकिल फेंकी; CCTV में कैद हुई हरकत
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली ड्रीम वैली-2 सोसाइटी में देर रात कुछ युवकों द्वारा कथित रूप से शराब के नशे में उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पांच युवकों ने सोसाइटी की लॉबी में हंगामा किया, फ्लोर पर खड़ी एक बच्चे की साइकिल उठाकर फेंक दी और फ्लैटों के दरवाजे बजाकर लोगों को परेशान किया। पूरी घटना सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना 13 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। सोसाइटी के लोगों के मुताबिक पांच युवक लॉबी में पहुंचे और वहां शोर-शराबा करने लगे। इसी दौरान उनमें से एक युवक ने फ्लैट के बाहर खड़ी बच्चे की साइकिल उठाई और उसे फेंक दिया। इसके बाद युवक वहीं बैठकर जोर-जोर से हंसने और हंगामा करने लगे।
देर रात लॉबी में हो रहे शोर की आवाज फ्लैटों के अंदर तक पहुंची तो कुछ निवासी बाहर निकल आए। सीसीटीवी फुटेज में भी पांच युवक लॉबी में मौजूद दिखाई दे रहे हैं। एक युवक द्वारा साइकिल उठाकर फेंकने की घटना भी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।
बताया गया कि युवकों के शोर से परेशान होकर एक फ्लैट में रहने वाला व्यक्ति बाहर आया और उनसे वहां से जाने के लिए कहा। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद पांचों युवक लिफ्ट के जरिए वहां से चले गए।
घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। सोसाइटी के निवासियों ने इस तरह की घटनाओं को लेकर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि सोसाइटी में बड़ी संख्या में परिवार और बच्चे रहते हैं। ऐसे में देर रात इस तरह का हंगामा न केवल लोगों को परेशान करता है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े करता है।
निवासियों के मुताबिक सोसाइटी के कॉमन एरिया और लॉबी में अनुशासन बनाए रखना जरूरी है, ताकि परिवारों और बच्चों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद संबंधित युवकों की पहचान को लेकर भी चर्चा हो रही है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


