Drug Trafficking: दो विदेशी नागरिकों समेत चार ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार, 600 ग्राम MDMA और स्मैक बरामद

Drug Trafficking: दो विदेशी नागरिकों समेत चार ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार, 600 ग्राम MDMA और स्मैक बरामद

नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में तीन अलग-अलग स्थानों से दो विदेशी नागरिकों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 600 ग्राम एमडीएमए, 35.50 ग्राम स्मैक और करीब 1.25 लाख रुपये नकद समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अवैध रूप से मादक पदार्थों की बिक्री करते थे और छात्र-छात्राओं को भी नशीले पदार्थ बेचते थे। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

सूरजपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को तिलपता चौकी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो विदेशी मूल के नागरिकों को गिरफ्तार किया। सूरजपुर थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह के मुताबिक दोनों आरोपियों की तलाशी के दौरान 300-300 ग्राम के दो पैकेट बरामद हुए। इनमें कुल 600 ग्राम सफेद पाउडर मिला, जिसे पुलिस ने एमडीएमए बताया है।

पुलिस के अनुसार बरामद एमडीएमए की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है। दोनों विदेशी नागरिकों के पास से नशीले पदार्थ के अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो पासपोर्ट, दो मोबाइल फोन, दो बैग, प्लास्टिक के पैकेट और 1.19 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

सूरजपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्हें नशीला पदार्थ कहां से मिलता था और इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की जाती थी।

दूसरी कार्रवाई दादरी थाना क्षेत्र में की गई। दादरी पुलिस ने अजायबपुर चौकी क्षेत्र के सेक्टर ज्यू-2 की सर्विस रोड पर बिरयानी पुलिया के पास से यशपाल रावल उर्फ बड़े को गिरफ्तार किया। करीब 22 वर्षीय आरोपी घोड़ी बछेड़ा गांव का रहने वाला है।

दादरी थाना प्रभारी नीरज कुमार मिश्रा के मुताबिक यशपाल के कब्जे से 20.30 ग्राम स्मैक और 3,270 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 2.03 लाख रुपये बताई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में भी एक मुकदमा दर्ज किया गया था।

दादरी पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में घोड़ी बछेड़ा गांव निवासी नाजिम मलिक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे फोर्मी कंपनी के पीछे वाले रास्ते से घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 15.20 ग्राम स्मैक और 3,005 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार इस स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है।

इस तरह दादरी पुलिस की दोनों कार्रवाइयों में कुल 35.50 ग्राम स्मैक और 6,275 रुपये नकद बरामद हुए। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थों की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है। इसके साथ ही यह जानकारी भी जुटाई जा रही है कि नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और नशीले पदार्थों की आपूर्ति किन स्थानों पर की जा रही थी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img