राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Health Department: समीक्षा बैठक के बाद स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल, नए सीएमओ ने बदले कई अधिकारियों के कार्यभार

Noida Health Department: समीक्षा बैठक के बाद स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल, नए सीएमओ ने बदले कई अधिकारियों के कार्यभार

नोएडा। स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने विभागीय व्यवस्थाओं और सेवाओं की समीक्षा बैठक के बाद कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं परामर्शदाता डॉ. जैशलाल को राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन (एनयूएचएम), पोस्टमार्टम व्यवस्था, वीआईपी प्रोटोकॉल, एंबुलेंस सेवाओं, विभागीय वाहनों तथा चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं डिप्टी सीएमओ डॉ. टीकम सिंह को मेडिको-लीगल मामलों, आयु प्रमाण पत्र जारी करने, न्यायालय संबंधी मामलों, दिव्यांग बोर्ड, मानव संपदा पोर्टल की निगरानी, मानवाधिकार आयोग एवं अन्य आयोगों से संबंधित कार्यों का दायित्व दिया गया है। प्रधानमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान योजना का कार्य देख रहे डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव कुमार सारस्वत को झोलाछाप चिकित्सकों पर कार्रवाई, ई-ऑफिस संचालन, मीडिया समन्वय, आईटीआई तथा आईजीआरएस से संबंधित कार्यभार भी सौंपा गया है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. आर.पी. सिंह को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करने के साथ-साथ आरसीएच कार्यक्रम, विधानसभा एवं विधान परिषद समितियों से जुड़े मामलों तथा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शुभ्र मित्तल को प्रशासनिक कार्यों के अतिरिक्त जिला कुष्ठ अधिकारी, गैर संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम की नोडल अधिकारी, जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण की अपर रजिस्ट्रार, एमटीपी नोडल अधिकारी, जिला स्तरीय अंग प्रत्यारोपण समिति, रानी लक्ष्मीबाई योजना, महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों, तंबाकू उन्मूलन कार्यक्रम, पॉक्सो एक्ट तथा मिशन कर्मयोगी के कार्यों का दायित्व सौंपा गया है। संयुक्त निदेशक ग्रेड-एल-4 डॉ. आर.के. सिरोहा को अगले आदेश तक जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं विभागीय भंडार से संबंधित कार्यों के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं डीएमओ श्रुतिकीर्ति वर्मा को मुख्यमंत्री आरोग्य मेला सहित अन्य स्वास्थ्य मेलों के आयोजन और संचालन का दायित्व सौंपा गया है। इसके अलावा डिप्टी सीएमओ डॉ. उबैद कुरैशी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डाढ़ा का अधीक्षक नियुक्त किया गया है। स्वास्थ्य विभाग में किए गए इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button