शादी से इनकार पर सनकी प्रेमी का खूनी खेल, प्रेमिका की मां की गला रेतकर हत्या, परिवार पर धारदार हथियार से हमला
नोएडा के हरौला गांव में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। प्रेम प्रसंग और शादी से इनकार से नाराज युवक ने अपनी कथित प्रेमिका के परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी दो बेटियां और पति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक बिहार के छपरा निवासी सुरेंद्र शर्मा परिवार सहित हरौला गांव के बी-ब्लॉक में किराए पर रहते हैं। परिवार में पत्नी संजू देवी, बेटियां ज्योति और जूली समेत कुल पांच सदस्य हैं। परिवार के पड़ोस में बरेली निवासी हरे राम यादव किराए पर रहकर एसी सर्विसिंग का काम करता था। बताया जा रहा है कि हरे राम का ज्योति के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ समय पहले उसने परिवार के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था, लेकिन परिजनों ने इस रिश्ते से साफ इनकार कर दिया था।
इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने शनिवार देर रात खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार परिवार के चार सदस्य मकान की पहली मंजिल की छत पर सो रहे थे। देर रात आरोपी धारदार हथियार लेकर वहां पहुंचा और अचानक सो रहे परिवार पर हमला कर दिया। आरोपी ने सबसे पहले 40 वर्षीय संजू देवी पर कई वार किए। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी ने महिला की गला रेतकर हत्या की।
हमले के दौरान ज्योति के सीने में गंभीर चोट लगी, जबकि उसकी बहन जूली के पैर में धारदार हथियार लगा। पिता सुरेंद्र शर्मा भी बीच-बचाव में घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि ज्योति की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और शादी से इनकार से जुड़ा पाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी लंबे समय से ज्योति पर शादी का दबाव बना रहा था। बताया जा रहा है कि ज्योति की पहले कहीं और शादी तय हो चुकी थी, लेकिन आरोपी ने मारपीट और विवाद कर वह रिश्ता भी तुड़वा दिया था। पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी अक्सर ज्योति से झगड़ा करता था और कई बार मारपीट भी कर चुका था। परिवार ने उससे दूरी बनाने की कोशिश की, लेकिन उसका व्यवहार लगातार आक्रामक होता गया।
लोगों ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले पीड़ित परिवार के पड़ोस में ही रहता था। कुछ समय पहले उसने अचानक कमरा बदल लिया और अपना अधिकतर सामान भी हटा लिया था। इससे आशंका जताई जा रही है कि वह पहले से इस वारदात की साजिश रच रहा था। घटना वाली रात भी उसे इलाके में घूमते देखा गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वारदात से पहले आरोपी बिल्डिंग में हाथ में धारदार हथियार लेकर हंगामा कर रहा था। वह जोर-जोर से चिल्ला रहा था और लोगों को धमका रहा था। कई लोगों ने उसे शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। इसके बाद वह सीधे उस छत पर पहुंचा जहां परिवार सो रहा था और हमला कर दिया।
चार मंजिला जिस इमारत में यह वारदात हुई वहां करीब 200 परिवार रहते हैं। घटना के बाद पूरी बिल्डिंग में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह शराब तस्करी समेत कई मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस हत्या और हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Noida News, Harola Village Murder Case, Love Affair Crime, Noida Breaking News, Marriage Refusal Attack, Knife Attack News, Noida Crime News, Hariram Yadav Case, Family Attack Case, Delhi NCR Crime News, Hindi Crime News, Noida Viral News, Woman Murder Case, ICU Treatment News, Uttar Pradesh Crime, CCTV Investigation, Breaking News Hindi, Noida Latest Update



